>लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित मवई कला गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते पहले युवक की हत्या कर दी गई और अब उसी घटना से आहत प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली है।
>15-16 जून की रात को रहीमाबाद के प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि मवई कला में एक युवक की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि युवक संजय पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली गई थी। जांच में सामने आया कि संजय एक कार ड्राइवर था और उसका गांव की ही एक विवाहित महिला मीरा से प्रेम संबंध था।
>पुलिस की पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि उसके पति को इस संबंध की जानकारी थी और उसी ने अपने बेटे के साथ मिलकर संजय की हत्या कर दी। पुलिस ने प्रेमिका के पति समेत 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
>इस दर्दनाक वारदात के बाद अब एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। संजय की हत्या के महज तीन दिन बाद, गुरुवार सुबह मीरा ने घर के पास स्थित एक झोपड़ी में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव लटकता देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
>एडीसीपी नॉर्थ जितेन्द्र कुमार दुबे ने बताया, “15-16 जून की रात रहीमाबाद में युवक की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच और कार्रवाई की जा रही है।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें