राजधानी लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े रियल एस्टेट कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर निवासी संदीप कुमार (40) वर्तमान में पीजीआई के वृंदावन स्थित कालिंदी पार्क इलाके में किराये के मकान में रहकर रियल एस्टेट कारोबार करते थे। उनका कार्यालय कल्ली पश्चिम इलाके में स्थित है।
डीसीपी साउथ अमित आनंद के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे संदीप कुमार अपने कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर के लिए निकले थे। करीब 12:30 बजे वह कार्यालय पहुंचे। संदीप कार से उतरकर मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए दफ्तर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान सफेद गमछा लपेटे एक युवक वहां पहुंचा और संदीप पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में संदीप को सीने, पेट और सिर में गोली लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ रायबरेली रोड की ओर फरार हो गया।
डीसीपी अमित आनंद
गोली लगने के बाद संदीप कुमार मौके पर ही गिर पड़े। कर्मचारी विपिन कुमार ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में एपेक्स ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। फुटेज में पूरी वारदात करीब 50 सेकंड के भीतर होती दिखाई दे रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर पहले से मौके पर मौजूद थे और संदीप के आने का इंतजार कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जमीन विवाद, रुपये के लेनदेन और पुरानी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें