राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन हो गया। 20 से 22 फरवरी तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के आईटीआई संस्थानों से चयनित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया था, जबकि समापन समारोह में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और विशेष सचिव अभिषेक सिंह उपस्थित रहे। विभाग की ओर से पहली बार राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 579 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इनमें 271 महिला और 308 पुरुष खिलाड़ी शामिल रहे।
प्रतिभागियों का चयन जनपद और मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया गया था। राज्य स्तर पर खिलाड़ियों ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित कुल 13 खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और खो-खो जैसी टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं।
समापन अवसर पर प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा, “खेलों से अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मबल बढ़ता है।” उन्होंने युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर जोर दिया। बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों द्वारा प्रतियोगिता में पक्षपात और बेईमानी के आरोप लगाए गए। अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें