>कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आगामी प्रेस वार्ता से पहले राजनीति का माहौल गरमा गया है। राहुल गांधी ने दावा किया है कि वे गुरुवार को ‘वोट चोरी’ से जुड़े बड़े खुलासे करेंगे, जिसे उन्होंने ‘हाइड्रोजन बम’ नाम दिया है। इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है।
>सिद्धार्थनगर में बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा, “हाइड्रोजन बम केवल विनाश करता है, क्या नेता प्रतिपक्ष देश में विनाश चाहते हैं?” पाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल धमकी देकर जनता को गुमराह कर रहे हैं और जब उनसे चुनाव आयोग सबूत मांगता है, तो वे कोई ठोस प्रमाण नहीं देते।
>राहुल गांधी ने इससे पहले एक सितंबर को पटना में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन पर ऐलान किया था कि ‘‘एटम बम’’ के बाद अब ‘‘हाइड्रोजन बम’’ आएगा, जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘‘अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे’’। गौरतलब है कि राहुल गांधी पहले भी बेंगलुरु के महादेवपुरा क्षेत्र में कथित वोट चोरी का मुद्दा उठा चुके हैं, जिसे उन्होंने ‘‘एटम बम’’ कहा था।
>अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि राहुल गांधी अपनी प्रेस वार्ता में आखिर कौन से नए सबूत पेश करेंगे और क्या यह दावा सच में राजनीति के मैदान में बड़ा धमाका करेगा या महज बयानबाज़ी बनकर रह जाएगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें