रायबरेली में राहुल गांधी को विशेष धन्यवाद वाले पोस्टर से बड़ी सियासी गर्मी

Raebareli News: रायबरेली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बिहार में एनडीए की जीत का विशेष धन्यवाद देने वाला पोस्टर लगते ही सियासी माहौल गर्म हो गया है। व्यंग्य भरे इस पोस्टर ने चुनावी नतीजों के बीच नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।
News Desk 19 Nov 2025, 05:25 PM 1 min read
रायबरेली में राहुल गांधी को विशेष धन्यवाद वाले पोस्टर से बड़ी सियासी गर्मी


>बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही नई सरकार के गठन की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। 20 नवंबर को पटना में नई सरकार के शपथ ग्रहण की संभावना जताई जा रही है। इसी बीच यूपी की राजनीति में एक अनोखा पोस्टर चर्चा का केंद्र बना हुआ है वह भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में।


>शहर के कई स्थानों पर लगे इस पोस्टर में राहुल गांधी को बिहार में एनडीए की जीत का श्रेय देते हुए ‘विशेष धन्यवाद’ लिखा गया है। पोस्टर लगाने वाले राहुल सिंह नाम के व्यक्ति ने इसमें लिखा बिहार में एनडीए की सरकार के गठन में राहुल गांधी जी के अमूल्य योगदान के लिए हृदय से विशेष धन्यवाद। उनकी अद्भुत रणनीतिक सूझ-बूझ और चमत्कारी राजनीतिक दूरदृष्टि ने यह परिणाम ‘संभव’ बनाया। सच में, ऐसी प्रेरणादायी सहायता रोज-रोज कहां मिलती है।


>पोस्टर की भाषा से ही समझ आता है कि यह धन्यवाद वास्तविक कम और व्यंग्य ज्यादा है। यही कारण है कि क्षेत्र में यह पोस्टर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का मुद्दा बना हुआ है।


>राहुल गांधी को ‘धन्यवाद’ देने वाले पोस्टर के पीछे जिस राहुल सिंह का नाम सामने आया है, उसकी पृष्ठभूमि भी दिलचस्प है। राहुल सिंह आरएसएस से लंबे समय से जुड़े हुए रहे हैं। जानकारी के अनुसार वर्ष 1992 में वे स्थानीय स्तर पर शाखाओं की देखरेख करते थे और वर्तमान में विश्व हिंदू रक्षा परिषद में राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में सक्रिय हैं। राहुल सिंह का मूल निवास अमेठी जिले के गोरियाबाद में है, हालांकि वे कुछ समय बछरावां में रहने के बाद अब लखनऊ में बस गए हैं। उनकी राजनीतिक पहचान और वैचारिक झुकाव को देखते हुए यह पोस्टर कांग्रेस के खिलाफ एक व्यंग्यात्मक हमला माना जा रहा है।


>उधर बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद महागठबंधन की बैठक भी संपन्न हुई। राजद की बैठक में निर्णय लिया गया कि तेजस्वी यादव ही बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाएंगे। चुनाव परिणामों में जहां एनडीए ने भारी बहुमत हासिल किया, वहीं महागठबंधन को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें