पश्चिम बंगाल को मिला नया मुख्यमंत्री, शुभेंदु अधिकारी के नाम पर लगी मुहर बोले- अब किसी को डरने की जरूरत नहीं

अमित शाह ने कोलकाता में किया ऐलान, संदेशखाली मामले की जांच और सीमाई सुरक्षा पर बीजेपी का बड़ा दावा।
Bureau 08 May 2026, 07:10 PM 1 min read
पश्चिम बंगाल को मिला नया मुख्यमंत्री, शुभेंदु अधिकारी के नाम पर लगी मुहर बोले- अब किसी को डरने की जरूरत नहीं

 

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में शुभेंदु अधिकारी के नाम का आधिकारिक ऐलान किया। इसके साथ ही बंगाल की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री पद के लिए नाम घोषित होने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्षों की मेहनत का फल मिला है और नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अब बंगाल में किसी को डरने की जरूरत नहीं है और राज्य का गौरव वापस लाने के लिए सरकार पूरी ताकत से काम करेगी।

 

शुभेंदु अधिकारी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत पार्टी के उन हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है, जिन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया। उन्होंने टीएमसी शासन के दौरान कथित तौर पर मारे गए 321 बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी याद किया। अधिकारी ने कहा कि पार्टी अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करने की दिशा में काम करेगी।

 

उन्होंने संदेशखाली मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारी ने कहा, “हम जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। बंगाल में अब किसी को डरने की जरूरत नहीं है। नई सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी रहेगी। प्रधानमंत्री की सभी गारंटी को पूरा किया जाएगा। मैं भाषण कम दूंगा, लेकिन काम ज्यादा करूंगा।”

 

पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुभेंदु अधिकारी का सफर काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे अधिकारी ने बाद में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था। पिछले कुछ वर्षों में वे राज्य में बीजेपी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हो गए। उन्हें ममता बनर्जी के मुखर आलोचक के तौर पर भी देखा जाता रहा है।

 

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बंगाल में बीजेपी की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अब त्रिपुरा और असम के बाद बंगाल में भी बीजेपी की सरकार बन गई है। शाह ने दावा किया कि राज्य में घुसपैठ और गौ तस्करी पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी और सीमाई इलाकों को राष्ट्रीय सुरक्षा के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

 

अमित शाह ने कहा, “आज बंगाल की जनता ने अभूतपूर्व जनादेश दिया है। 23 प्रशासनिक जिलों में से 9 जिलों में तृणमूल कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल पाई। यह जनादेश जनता के विश्वास और परिवर्तन की इच्छा को दर्शाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिस्थितियों में विपक्षी नेताओं को बोलने का अवसर नहीं मिलता था, वहां जनता ने सत्ता परिवर्तन का फैसला सुनाया है। शाह के अनुसार, यह परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता की निर्णायक भूमिका को दर्शाता है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें