>उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। हालिया बैठकों और सोशल मीडिया पर साझा तस्वीरों ने संकेत दिए हैं कि पार्टी एक बार फिर प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में चुनावी मैदान में उतर सकती है।
>कांग्रेस ने पिछले दिनों राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तय किया था कि पार्टी वर्ष 2026 में प्रस्तावित पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी। इसके बाद गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में हुई समीक्षा बैठक में सांसद और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और प्रभारी अविनाश पांडेय शामिल रहे।
>एक्स पर कांग्रेस के अधिकृत अकाउंट से चार तस्वीरें साझा की गईं, जिनमें संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक करते दिखे। पोस्ट में बताया गया कि बैठक में अविनाश पांडेय, अजय राय, विधानसभा में कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा मोना सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक और साझा की गई तस्वीरों ने आगामी चुनावों में कांग्रेस की नेतृत्व रणनीति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें