>उत्तर प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा और भारतीय सेना की सेंट्रल कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता के बीच आज लखनऊ में महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह मुलाकात पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में हुई, जहां दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने इंटर-एजेंसी समन्वय को मजबूत करने और आपसी सहयोग को नई दिशा देने पर विचार-विमर्श किया।
>तीन मुख्य बिंदुओं पर रही खास चर्चा:
>रीयल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग: आतंरिक व बाह्य सुरक्षा खतरों को समय रहते पहचानने और मिलकर कार्रवाई करने के लिए इंटेलिजेंस डेटा साझा करने की प्रक्रिया को गति देने पर सहमति बनी।
>संयुक्त रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल्स: संकट या आपात स्थिति में सेना और पुलिस के बीच त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के लिए साझा कार्यप्रणालियों को और सुदृढ़ किया जाएगा।
>आपदा प्रबंधन में सहयोग: प्राकृतिक आपदाओं व मानवीय संकट की स्थितियों में दोनों एजेंसियों के बीच संयुक्त राहत व बचाव कार्य को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस रहा।
सुरक्षा के लिए साझा संकल्प
>इस उच्चस्तरीय बैठक में यह स्पष्ट रूप से दोहराया गया कि सेना और पुलिस दोनों राष्ट्र की सुरक्षा व आपदा प्रबंधन में एकजुट होकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों अधिकारियों ने इंटर-एजेंसी सहयोग को बिना किसी अवरोध के लगातार सशक्त करने की दिशा में साझा प्रयासों की बात दोहराई।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें