पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को माध्यमिक परीक्षा 2026 यानी कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया। राज्यभर में परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस वर्ष अभिरूप भद्र ने 99.71 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। बोर्ड की ओर से जारी टॉपर सूची में टॉप-10 रैंक में कुल 131 छात्रों ने जगह बनाई है।
इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा का कुल पास प्रतिशत नियमित छात्रों के लिए 86.83 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वहीं, कोलकाता का प्रदर्शन 92 प्रतिशत से अधिक रहा, जबकि कालिम्पोंग जिला 95 प्रतिशत से अधिक छात्रों के सफल होने के साथ राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बना है।
पश्चिम बंगाल बोर्ड द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार प्रियतोष मुखर्जी ने 99.43 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर सौरो जाना, अंकन कुमार जाना और मैनाक मंडल रहे, जिन्होंने 99.29 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। चौथे स्थान पर अरिजीत बार, रोम कर्माकर, सौदीप दास और सोहम जोर्दार ने 99.14 प्रतिशत अंकों के साथ जगह बनाई। वहीं, पांचवें स्थान पर दैपायन बिस्वास, सैमंतक कुंडू और स्वरूप कथा रहे, जिन्होंने 99 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इस बार माध्यमिक परीक्षा में कुल 9,59,753 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 9,01,724 नियमित छात्र थे, जबकि 50,798 छात्रों ने कंटिन्यूइंग श्रेणी में परीक्षा दी। इसके अलावा 1,231 परीक्षार्थी कंपार्टमेंटल श्रेणी में शामिल हुए थे।
माध्यमिक परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक किया गया था। परीक्षा प्रतिदिन एक ही पाली में सुबह 10:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित हुई थी। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए छात्रों को शुरुआती 15 मिनट अतिरिक्त दिए गए थे। परीक्षा की शुरुआत प्रथम भाषा विषय से हुई थी और अंतिम दिन वैकल्पिक विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी।
बोर्ड की ओर से रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। रिजल्ट के साथ-साथ मेरिट सूची और जिलेवार प्रदर्शन भी उपलब्ध कराया गया है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें