लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर मतदान से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से करीब 15 मिनट तक बातचीत की। बताया जा रहा है कि सरकार की ओर से विपक्षी दलों को बिल के समर्थन में मनाने की कोशिशें जारी हैं, ताकि इसे व्यापक सहमति के साथ पारित कराया जा सके।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर लंबे समय तक राजनीति होती रही है और अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उसका अधिकार मिले।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि संसद में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है और सभी आशंकाओं का समाधान किया गया है। उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे संवेदनशीलता के साथ निर्णय लें और महिला सशक्तिकरण के इस अवसर का समर्थन करें।
उन्होंने आगे कहा कि देश की महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में प्रतिनिधित्व बढ़ाना आवश्यक है और यह संशोधन लोकतंत्र को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री ने सांसदों से अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने और महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। लोकसभा में इस विधेयक पर मतदान को लेकर सभी दलों की रणनीति पर नजर बनी हुई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें