>बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के राजनीतिक रण में अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री होने जा रही है। अपनी प्रखर हिंदुत्ववादी छवि और जोशीले भाषणों के लिए जाने जाने वाले सीएम योगी 29 अक्टूबर को बिहार के सीवान, भोजपुर और बक्सर जिलों में धुआंधार चुनावी सभाएं करेंगे। इस दौरान वे जनता से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे और बिहार में भाजपा की जीत के लिए माहौल बनाएंगे।
>जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अक्टूबर की सुबह लखनऊ से अपने बिहार दौरे की शुरुआत करेंगे। सबसे पहले वे सीवान के रघुनाथपुर के राजपुर खेल मैदान में सभा को संबोधित करेंगे, जहां वे पार्टी प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह के समर्थन में वोट मांगेंगे।
>इसके बाद वे भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के झउऑ डुमरिया मैदान में चुनावी सभा करेंगे। यहां भी योगी आदित्यनाथ भाजपा के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने की कोशिश करेंगे।
>दोपहर 2 बजे के करीब वे बक्सर के आईटीआई ग्राउंड में तीसरी और अंतिम जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां वे एक बार फिर जनता से “विकास और सुशासन के लिए भाजपा सरकार” बनाने की अपील करेंगे।
>योगी आदित्यनाथ का यह दौरा पूरी तरह से सघन और ताबड़तोड़ रहने वाला है। सुबह 10 बजे लखनऊ से रवाना होकर वे दिनभर तीन जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे और शाम 4:45 बजे तक वापस लखनऊ लौट आएंगे।
>बिहार चुनाव में योगी आदित्यनाथ की एंट्री को भाजपा कार्यकर्ता ‘गेम चेंजर’ के रूप में देख रहे हैं। यूपी में अपराध नियंत्रण और विकास के "योगी मॉडल" की चर्चा बिहार की राजनीति में भी गूंजने लगी है। पार्टी को उम्मीद है कि योगी के तीखे भाषण और विकास के एजेंडे से बिहार में भाजपा के पक्ष में हवा बनेगी।
>राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि योगी आदित्यनाथ का बिहार में प्रचार भाजपा की हिंदुत्व राजनीति और सुशासन की छवि को और मजबूत करेगा। उनके भाषणों का असर सीमावर्ती जिलों तक ही नहीं, बल्कि बिहार के अंदरूनी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें