>उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और उनकी बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
>सीएम ने कहा कि किसानों को समय से मुआवजा वितरण सुनिश्चित हो और राहत कार्य में ढिलाई करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
>मुख्यमंत्री ने वाराणसी में चल रही 66 बड़ी परियोजनाओं (लगभग ₹15,000 करोड़ लागत) की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि रिंग रोड फेज-2 को जनवरी 2026 तक और कज्जाकपुरा फ्लाईओवर को नवंबर 2025 तक हर हाल में पूरा किया जाए।
>सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट दिखना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि थानों में नियमित जनसुनवाई हो और अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ऑटो-टैक्सी स्टैंड और वेंडिंग जोनों को व्यवस्थित करने के भी आदेश दिए।
>योगी आदित्यनाथ ने सरकारी अस्पतालों में दलालों पर कठोर कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल ब्लड डोनरों की पहचान कर उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। इसके अलावा, वाराणसी को शीघ्र टीबी मुक्त करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
>मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में बेहतर सुविधाएं, पर्याप्त हरा चारा और बीमार पशुओं के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगर निगम, पंचायती राज और पशु चिकित्सा विभाग को मिलकर आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने का आदेश दिया।
>आगामी दिनों में वाराणसी दौरे पर आने वाले मॉरीशस के प्रधानमंत्री के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था पर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अवसर काशी की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें