स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उप परिवहन आयुक्त अयोध्या राजकुमार सिंह ने बाराबंकी स्थित उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक कर जनपद में स्कूली वाहनों के विरुद्ध अब तक हुई कार्रवाई का जायजा लिया। बैठक में फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर स्कूल वाहनों को तत्काल सीज करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान उप परिवहन आयुक्त ने यूपी इंटीग्रेटेड स्कूली व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल पर दर्ज स्कूल वाहनों के दस्तावेजों का अवलोकन किया। इसमें वाहन फिटनेस, परमिट, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, जीपीएस और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
राजकुमार सिंह ने प्रवर्तन टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहन निगरानी पोर्टल पर वाहनों से संबंधित सभी सूचनाएं शत-प्रतिशत अपलोड कराई जाएं, ताकि प्रत्येक वाहन की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
बैठक में प्रवर्तन टीम को अलग-अलग ब्लॉकों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे विद्यालयों में जाकर वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करें। यदि किसी वाहन में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान को नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उप परिवहन आयुक्त ने अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से जिला विद्यालय निरीक्षक को भी पत्र भेजने के निर्देश दिए। इसमें उन स्कूलों के खिलाफ मान्यता निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई है, जो लगातार नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अंकिता शुक्ला, यात्री मालकर अधिकारी रवि चंद्र त्यागी और संभागीय निरीक्षक प्राविधिक बलवत सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें