>दीपावली के शुभ अवसर से पहले बाराबंकी जिले में मानवीय संवेदनाओं की एक मिसाल देखने को मिली। गुरुवार को भुहेरा सफेदाबाद स्थित मातृ-पितृ सदन वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच फल और मिठाई वितरित की गई। इस दौरान वहां मौजूद वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और सुकून झलक उठा।
>वृद्धाश्रम के वातावरण में दीयों की रौशनी से पहले ही दीपावली का उजाला फैल गया। बुजुर्गों ने आशीर्वाद देकर सभी आगंतुकों को जीवन में सद्भाव और सेवा की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

>कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में उपस्थित बुजुर्गों को फल, मिठाई और दीपावली उपहार दिए गए। उपहार पाते ही बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और उनके बीच अपनापन का माहौल बन गया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर उनके जीवन में नई ऊर्जा भर देते हैं।
>इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्या ने वृद्धाश्रम पहुंचकर सभी बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। उनके साथ आस्था त्रिपाठी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाज का सच्चा विकास तभी संभव है, जब हम अपने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और सेवा करें।
>कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि दीपावली सिर्फ दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि संवेदनाओं और प्रेम बांटने का अवसर भी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें