>भदोही - उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ हुए हैवानियत के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस अमानवीय घटना को लेकर अब सियासत भी तेज़ हो गई है। कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह ने पीड़िता से अस्पताल में मुलाक़ात के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर करारा हमला बोला।
>सांसद के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल पहुंचा, जहां बच्ची का इलाज चल रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और सरकार से 25 लाख की आर्थिक मदद, स्थायी आवास और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
>"हर 16 मिनट में हो रहा महिलाओं पर अत्याचार, यूपी में जंगलराज कायम"
>सांसद उज्जवल रमण सिंह ने कहा, “यह केवल एक बच्ची पर हमला नहीं है, यह संविधान, मानवाधिकार और समाजिक चेतना पर आघात है। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज़ नहीं बची। हर 16 मिनट में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है, और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।”
>उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में माफिया, गुंडे और बलात्कारी बेलगाम हो चुके हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाएगी।
>अस्पताल प्रशासन ने जताई नाराज़गी
>इस बीच कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की पीड़िता से मुलाकात को लेकर अस्पताल प्रशासन ने आपत्ति दर्ज की है। CMS डॉ. राजाराम मौर्य ने कहा कि एक साथ 50-60 लोगों की भीड़ ने अस्पताल की गोपनीयता और मरीज की मानसिक स्थिति को प्रभावित किया है। प्रशासन ने पहले ही भीड़ से बचने की अपील की थी, लेकिन इसके बावजूद नेताओं की मौजूदगी ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया।
>घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोरा
>10 जुलाई की रात सुरियावां थाना क्षेत्र में यह वारदात हुई थी, जब मासूम बच्ची अपने दादा के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। उसी दौरान आरोपी उसे अगवा कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को बेहोशी की हालत में खून से लथपथ पाया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें