>भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी. आर. गवई ने मॉरीशस में आयोजित रूल ऑफ लॉ मेमोरियल लेक्चर के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत "बुलडोजर के राज" से नहीं बल्कि "संविधान और कानून के शासन" से संचालित होता है। उनका यह बयान हाल ही में देश में बुलडोजर कार्रवाई और न्याय व्यवस्था को लेकर उठी बहस के बीच आया है।
>CJI गवई ने कहा कि किसी भी व्यक्ति का घर बिना सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया के गिराना "रूल ऑफ लॉ" के खिलाफ है। उन्होंने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था का उद्देश्य सत्ता के दुरुपयोग को रोकना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाना है।
>इस बीच बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने CJI के इस बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भारत एक मजबूत लोकतंत्र है और बीते 11 वर्षों में न्यायपालिका सरकार के सहयोग से और सशक्त हुई है। उन्होंने कहा, “भारत संविधान और कानून के तहत चलता है। CJI की आस्था संविधान में है और नागरिकों की आस्था भी संविधान में बनी हुई है।”
>गौरव भाटिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा कि "भारत का लोकतंत्र खत्म हो गया है" पूरी तरह गलत है और सत्य से परे है। भाटिया के अनुसार, भारत न सिर्फ लोकतांत्रिक रूप से सशक्त है, बल्कि न्यायपालिका भी स्वतंत्र और मजबूत है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें