उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। राजधानी लखनऊ स्थित जनभवन में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को एक पुस्तक भी भेंट की। दोनों के बीच प्रदेश की वर्तमान स्थिति और सरकार के विभिन्न क्रियाकलापों को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पूरे दिन व्यस्त कार्यक्रमों में शामिल रहे। सुबह वह पश्चिम बंगाल में आयोजित सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे। वहां कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ लौटे और पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में भी शामिल हुए। इसके बाद शाम को उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की।
जनभवन में हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रदेश में चल रही विभिन्न सरकारी गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों और विकास कार्यों को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी मौजूदा परिदृश्य को लेकर मुख्यमंत्री से संवाद किया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें