उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गोमतीनगर स्थित बाबू बनारसी दास यूपी बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान मुख्यमंत्री खिलाड़ियों के बीच पहुंचे और बैडमिंटन कोर्ट में रैकेट थामकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री की मौजूदगी से खिलाड़ियों और अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 9 मई से 13 मई तक चलेगी। प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन में करीब 1400 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं, जो बैडमिंटन और टेबल टेनिस की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगिता की स्मारिका का विमोचन भी किया। खिलाड़ियों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी कपिल चौधरी ने निभाई। आयोजन में उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। वहीं 35वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने मधुर प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश सरकार और यूपी पुलिस की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। कर्नाटक पुलिस के खिलाड़ी काली कृष्णा ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक अच्छा प्रदेश है और यहां का माहौल बेहद सकारात्मक है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि “चीफ मिनिस्टर अच्छे हैं।” उन्होंने बताया कि वह पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं और यहां की व्यवस्थाएं काफी बेहतर हैं।
उड़ीसा पुलिस के खिलाड़ी देवेंद्र कुमार ने कहा कि उनकी टीम से नौ खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यहां उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और सभी प्रतिभागियों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। देवेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा, “योगी जी इज ग्रेट।”
छत्तीसगढ़ पुलिस के खिलाड़ी राजेश मणि सिंह बैडमिंटन के सिंगल, डबल और मिक्स मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में उन्हें हमेशा अच्छा अनुभव मिलता है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी कई प्रतियोगिताओं के लिए यूपी आ चुके हैं और हर बार यहां खिलाड़ियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं देखने को मिली हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के रहने, खाने और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है ताकि किसी को परेशानी न हो।
गुजरात पुलिस के खिलाड़ी रियाज सरवैया टेबल टेनिस मेंस सिंगल और डबल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि गुजरात से 36 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे हैं। रियाज ने लखनऊ को बेहद खूबसूरत शहर बताते हुए कहा कि यह उनका पहला दौरा है और यहां का अनुभव यादगार है। उन्होंने यूपी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन का स्तर काफी प्रभावशाली है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खिलाड़ियों को यूपी पुलिस में प्रमोशन और डायरेक्ट भर्ती जैसे अवसर देकर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें