विजय कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, कांग्रेस समेत कई दलों का समर्थन

राज्यपाल से मिली सरकार गठन की अनुमति, टीवीके और कांग्रेस के नौ विधायक बन सकते हैं मंत्री
Bureau 09 May 2026, 09:29 PM 1 min read
विजय कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, कांग्रेस समेत कई दलों का समर्थन

 

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय रविवार सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया और सहयोगी दलों के समर्थन पत्र भी सौंपे। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।

 

करीब तीन साल पहले गठित हुई टीवीके अब राज्य की सत्ता संभालने जा रही है। शुरुआत में बहुमत को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन वीसीके, आईयूएमएल, कांग्रेस और वामदलों के समर्थन के बाद पार्टी ने विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। सरकार गठन के लिए आवश्यक 118 विधायकों के मुकाबले अब विजय के समर्थन में 120 विधायक बताए जा रहे हैं।

 

शनिवार को लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विजय ने औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल की ओर से उन्हें शपथ ग्रहण के लिए अनुमति दे दी गई। पहले शपथ ग्रहण समारोह का समय रविवार दोपहर 3:15 बजे निर्धारित किया गया था, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव करते हुए इसे सुबह 10 बजे कर दिया गया।

 

नई सरकार में कुल नौ मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें छह विधायक टीवीके से और तीन विधायक कांग्रेस से शामिल हो सकते हैं। संभावित मंत्रियों में टीवीके के सेंगोत्तियन, अधव अर्जुन, एन आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार और राजमोहन के नाम सामने आए हैं। वहीं कांग्रेस को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है।

 

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने डीएमके गठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि सरकार गठन के समय कांग्रेस ने डीएमके से अलग होकर टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया। इसके अलावा वामदलों ने भी अपने चार विधायकों के साथ विजय के नेतृत्व का समर्थन किया है। वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन के बाद टीवीके ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।

 

राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान पिछले तीन दिनों तक विजय लगातार राज्यपाल से मुलाकात कर रहे थे, लेकिन शुरुआती दौर में वे 118 विधायकों के समर्थन का दावा पेश नहीं कर पाए थे। शनिवार को सहयोगी दलों के समर्थन के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें