कोहरे और ठंड को लेकर सीएम योगी ने ज़िम्मेदारों को दिए सख्त निर्देश

UP News: घने कोहरे और ठंड को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में अलर्ट मोड के निर्देश दिए। सड़कों, हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा बढ़ाने और ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई के आदेश।
News Desk 17 Dec 2025, 06:08 PM 1 min read
कोहरे और ठंड को लेकर सीएम योगी ने ज़िम्मेदारों को दिए सख्त निर्देश


>घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रदेशभर में अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा है।


>मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, पुलिस, ट्रैफिक बल और नगर निकायों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों, गलियों, हाईवे और एक्सप्रेस-वे तक सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रखे जाएं। एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट और डार्क स्पॉट चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।


>सीएम योगी ने क्रेन और एम्बुलेंस को 24x7 उपलब्ध रखने, टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी देने और खराब विजिबिलिटी के दौरान यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा है। ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने एनएचएआई और स्टेट हाईवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर सड़क प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर और आपात सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठंड और शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोता न मिले। निराश्रितों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए, जहां हीटर, अलाव और कंबल की व्यवस्था हो। गोशालाओं में गोवंश को ठंड से बचाने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कोहरे के दौरान सुरक्षित यात्रा के लिए ट्रैवल गाइडलाइन भी जारी की है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें