UP Legislative Council Elections: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह से मतगणना शुरू हो गयी है। पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हुए चुनाव के परिणामों पर अब सभी की नजरें टिकी हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक मतगणना प्रातःकाल 8 बजे से शुरू हो गयी है। लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में निर्धारित केंद्रों पर मतगणना की प्रक्रिया चल रही है। वोटों की गिनती पूरी हो जाने के बाद देर शाम तक रिजल्ट सामने आ जाएंगे।
विधान परिषद चुनाव की मतगणना निर्धारित स्थलों पर रिटर्निंग अधिकारियों के निर्देशन और प्रेक्षकों की निगरानी में चल रही है। लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल हो रही है। वाराणसी में स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन, आगरा में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति और मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम को मतगणना केंद्र बनाया गया है। इसी तरह इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज झांसी में होगी। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती संजय कम्युनिटी हॉल बरेली और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में चल ही है।
लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 29 प्रत्याशियों के भाग्य का आज फैसला हो जाएगा। इनमें स्नातक सीट पर 16 और शिक्षक सीट पर 13 उम्मीदवार शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती के लिए 14-14 टेबल लगी है। प्रत्येक टेबल पर चार कर्मचारियों की तैनाती की गयी है। वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अवनीश कुमार सिंह और समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी कांति सिंह के बीच कड़ा मुकाबला है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार उमेश द्विवेदी और सपा उम्मीदवार सुशील कुमार प्रमुख प्रत्याशी हैं। इसके साथ ही दोनों सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रदीप कुमार ने मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए लखनऊ स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतपेटियों से मतपत्र निकाले गये हैं और मतपत्रों की गड्डियां बनाकर गिनती की जा रही है। प्रत्याशियों के हर एजेंट को संबंधित टेबल पर मौजूद रहने की अनुमति होगी। पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। परिसर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मीडिया कर्मियों के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार सभी 11 सीटों पर मतगणना निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। अब प्रत्याशियों को नतीजों का इंतजार है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें