बाहरी दिल्ली के बक्करवाला इलाके में देर रात पुलिस और एक वांटेड बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस और आरोपी की ओर से दो-दो राउंड गोलियां चलने के बाद स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान आशीष उर्फ आशीष बक्करवाला के रूप में हुई है, जो कई आपराधिक मामलों में वांटेड चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाहरी दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम को आरोपी की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर इलाके में घेराबंदी की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया और कथित तौर पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के बाद आरोपी को काबू कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आशीष, इलाके के नामचीन ऑटो लिफ्टर मनोज बक्करवाला का बेटा है। उसके खिलाफ आठ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह चार मामलों में फरार चल रहा था। जांच में सामने आया है कि हत्या के एक मामले में जेल से रिहा होने के बाद वह कथित तौर पर हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, 14 मई को मुंडका, रनहोला और कंझावला क्षेत्रों में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी उसकी तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया है। बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और हालिया आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें