>लाल किले के निकट सोमवार शाम हुए धमाके के बाद देश की राजधानी अलर्ट मोड पर आ गई है। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों और शीर्ष अधिकारियों के साथ दो हाई-लेवल मीटिंग कीं। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस कृत्य के पीछे जो भी लोग शामिल हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।
>अमित शाह ने कहा एक-एक गुनहगार को उसके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। बैठक में गृह सचिव, एनआईए प्रमुख, खुफिया एजेंसियों के अधिकारी और दिल्ली पुलिस अफसर मौजूद रहे। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी वर्चुअली जुड़े।
>गृह मंत्रालय ने इस धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। दिल्ली पुलिस ने मामले में UAPA के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर कई ठिकानों पर छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार, जिस कार में विस्फोट हुआ, उसके ड्राइवर के फरीदाबाद स्थित आतंकवादी मॉड्यूल से संबंध होने की संभावना जताई जा रही है। यह कदम संकेत देता है कि सरकार इस घटना को आतंकी हमला मानकर आगे बढ़ रही है।
>बैठक में राजधानी और देश-भर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। संभावित संवेदनशील इलाकों और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। साथ ही इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक सतर्क रहने को कहा गया है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें