>बाराबंकी। देवा-फतेहपुर मार्ग पर सोमवार देर रात मानो मौत ने दस्तक दे दी। बिशुनपुर कस्बे के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर ने पलभर में सबकुछ बदल दिया। ज़ोरदार धमाके के साथ अर्टिगा के परखच्चे उड़ गए और देखते ही देखते चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाद में देवा सीएचसी ले जाते समय दो और ने दम तोड़ दिया। वहीं दो लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
>घटना स्थल चीख-पुकार से हिल उठा। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल की टीमों ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
>अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी के अनुसार प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसकी वजह से टक्कर इतनी भयावह हुई। छह मृतकों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने के लिए क्रेन बुलाकर सड़क को सुचारू किया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें