>बिहार विधानसभा चुनावी माहौल में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुजफ्फरपुर की जनसभा में कांग्रेस और आरजेडी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि RJD शासनकाल में बूथ चोरी, पुल चोरी, रोड चोरी और तालाब चोरी ही विकास का मॉडल था। योगी ने कहा कि बिहार को जातीय हिंसा, अपहरण और माफिया राज का पर्याय बनाने वालों को जनता अब बख्शने वाली नहीं है। योगी ने याद दिलाया कि 1992 से 2005 के बीच आरजेडी शासन में 60 से अधिक जातीय नरसंहार और 30,000 से ज्यादा अपहरण की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि उस दौर में बिहार का हर व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर और बच्चा तक असुरक्षित था।
>सीएम योगी ने मंच से कहा कि उस समय शाम छह बजे के बाद बिहार में सन्नाटा छा जाता था, पटना हाईकोर्ट तक ने कहा था कि राज्य सरकार गुंडों द्वारा संचालित हो रही है। गरीबों को राशन नहीं मिलता था, लेकिन 900 करोड़ रुपये का चारा घोटाला कर दिया गया। पेपर लीक उद्योग बन गया था और कोई भी IAS या IPS अधिकारी यहां काम करने को तैयार नहीं था।
>योगी ने व्यंग्य किया कौन मुख्यमंत्री का पीकदान लेकर ढोए? यही पहचान बन गई थी। डीजीपी को मुंशी और चीफ सेक्रेटरी को बाबू कहा जाता था। उन्होंने कहा कि यह दौर बिहार के इतिहास का सबसे काला पन्ना था।
>सीएम योगी ने कहा जातीय हिंसा, रोड चोरी, तालाब चोरी, पुल चोरी और बूथ चोरी यही था RJD का असली मॉडल। उन्होंने आरोप लगाया कि खानदानी लुटेरों ने खानदानी माफियाओं को जन्म दिया और अब वही लोग फिर बिहार को अंधेरे में धकेलना चाहते हैं।
>योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आज बिहार नई पहचान गढ़ रहा है। राज्य अब रेलवे, एयर और वाटर कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। मखाना जैसे उत्पाद वैश्विक बाजार तक पहुंच रहे हैं, और आईआईएम, एम्स व इंजीनियरिंग कॉलेज बिहार की नई पहचान बन रहे हैं।
>सीएम योगी ने कहा बिहार ने भगवान बुद्ध, महावीर और चाणक्य जैसे महामानवों को जन्म दिया। आज मोदी सरकार उसी गौरवशाली परंपरा को पुनर्जीवित कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए पूछा क्या लालू एंड कंपनी या कांग्रेस कभी अयोध्या में राम मंदिर या सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर बनवा सकती थी?
>योगी ने कहा हमने यूपी में माफिया का इलाज बुलडोजर से कर दिया, अब न अपराध है न दंगा, यूपी में सब चंगा है। बिहार को भी एनडीए ही चंगा करेगा। उन्होंने गांधीजी के तीन बंदरों का उदाहरण देते हुए विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष किया आज के तीन बंदर हैं पप्पू, टप्पू और अप्पू जो बिहार को फिर से संकट में झोंकना चाहते हैं।
>सीएम योगी ने युवाओं से कहा बिहार का नौजवान प्रतिभाशाली है, अब उसे अपने राज्य को फिर से चमकाना है। जो बिहार को बांटने की राजनीति करते हैं, उन्हें सत्ता से दूर रखना होगा। सभा के अंत में उन्होंने नारा दिया बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे। एनडीए ही सुरक्षा, समृद्धि और विकास का प्रतीक है।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी, यूपी मंत्री दयाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा और भाजपा नेताओं की मौजूदगी रही।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें