Greater Noida Family Death Case: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मृतक की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शेखर, सुनीता और सपना शामिल है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
बीते शनिवार को ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला पदम सिंह गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच के दौरान मृतका ललिता के भाई आकाश ने थाने जाकर शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत में मृतका के भाई ने यह आरोप लगाया गया कि महेश और उनकी पत्नी ललिता को परिवार के कुछ सदस्य लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
आकाश का कहना है महेश की दोनों बहनों और उसके जीजा ने उसकी मां को भड़काया था। साथ ही महेश और ललिता की संपत्ति भी अपने नाम कराने की कोशिश की थी। आकाश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शेखर, सुनीता और सपना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मृतक महेश की मौत से पहले कथित तौर पर उसके एक वॉइस नोट का भी जिक्र सामने आ रहा है।
पुलिस इस साक्ष्य सहित अन्य तथ्यों की गंभीरता के साथ जांच कर रही है, ताकि परिवार के पांच सदस्यों की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता चल सके। ललिता के भाई आकाश ने संदेह जताते हुए कहा कि उसके जीजा महेश, बहन ललिता और उसके बच्चों को नूडल्स में जहरीला पदार्थ मिला खिलाया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश कर रही है। मामले में फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्य भी अहम होंगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें