>11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक सराहनीय और अभिनव पहल करते हुए समाज के दो महत्वपूर्ण वर्गों वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों को एक साथ योग के रंग में रंग दिया। “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” की थीम पर आधारित इस आयोजन में प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्थित वृद्धाश्रमों और जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया।
वृद्धाश्रमों में योग से बुजुर्गों को मिला आत्मबल
>समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित 150 क्षमता वाले वृद्धाश्रमों में रहने वाले 6,500 से अधिक बुजुर्गों ने आज योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन किए।
- वाराणसी में बीएचयू के योगाचार्य विनोद कुमार पटेल ने बुजुर्गों को योग के लाभ बताए।
- महोबा के आधारशिला वृद्धाश्रम में योगाचार्य प्रेम नारायण स्वर्णकार ने विशेष सत्र लिया।
- बहराइच में योगाचार्य अजय कुमार चौधरी और डॉ. राम गोपाल सहित अन्य प्रशिक्षकों ने बुजुर्गों को सरल योगासन सिखाए।
>इन कार्यक्रमों में समाज कल्याण अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही और बुजुर्गों को नियमित योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सर्वोदय विद्यालयों में बच्चों का जोश
>जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के हजारों विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
- चंदौली के हेतिमपुर विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, वज्रासन और ताड़ासन जैसे योग किए।
- प्रशिक्षकों ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और एकाग्रता बढ़ाने में योग की भूमिका बताई।
>विभाग के उपनिदेशक कृष्ण प्रसाद ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, अनुशासित और स्वस्थ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग भी दी जा रही है।
योग को जन-जन तक पहुंचाने की सफल पहल
>योग को जन-आंदोलन बनाने के लिए योगी सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रयास अब जमीनी स्तर पर रंग ला रहे हैं। समाज कल्याण विभाग की यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि समाज के वंचित वर्गों में आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली को भी प्रोत्साहित कर रही है। योग अब सिर्फ अभ्यास नहीं, बल्कि एक सशक्त सामाजिक अभियान बन चुका है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें