राजधानी लखनऊ में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और बाजार में गैस की कथित किल्लत का मुद्दा उठाया। पार्टी नेताओं का कहना था कि महंगाई के कारण आम जनता की रसोई प्रभावित हो रही है और जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
AAP के लखनऊ जिला अध्यक्ष एराम शबरेज़ रिज़वी ने आरोप लगाया कि रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और उपलब्धता की समस्या से आम लोगों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए सुबह उनके घर पर पुलिस भेजी गई।
लखनऊ में आप का हल्लाबोल।
— NDV TODAY (@NdvToday) March 14, 2026
महंगाई और गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ कैसरबाग स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन।
पुलिस ने AAP के प्रवक्ताओं समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर हिरासत में लिया।#Lucknow #aamaadmiparty pic.twitter.com/9WdoCiqG8z
रिज़वी ने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को उठाती रहेगी और महंगाई तथा कालाबाजारी के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर हिरासत में लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान भी कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। पुलिस के अनुसार कार्रवाई शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें