लखनऊ में बिजली संकट पर जनता का फूटा गुस्सा, कई पावर हाउसों का घेराव, प्रदर्शन तेज

भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से परेशान नागरिकों ने किया प्रदर्शन, कई स्थानों पर कर्मचारी और अधिकारी मौके से हटे
Bureau 20 May 2026, 04:18 PM 1 min read
लखनऊ में बिजली संकट पर जनता का फूटा गुस्सा, कई पावर हाउसों का घेराव, प्रदर्शन तेज

 

राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बिजली कटौती और ट्रांसफार्मरों में खराबी से परेशान लोगों का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कई पावर हाउसों का घेराव किया। कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके से हट गए। कई जगह पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

 

लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरमान खान तालकटोरा पावर हाउस पर धरने पर बैठ गए। वहीं केसरी खेड़ा वार्ड के आरडीएसओ पावर हाउस पर देर रात सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर प्रदर्शन किया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी मौके से हट गए। सूचना मिलने पर दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

 

नादरगंज स्थित अंबेडकर पावर हाउस पर भी बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि आए दिन बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की जा रही। विरोध प्रदर्शन के दौरान एसएसओ सहित अन्य कर्मचारी पावर हाउस छोड़कर चले गए।

 

चिनहट स्थित काशीराम कॉलोनी में भी बिजली संकट को लेकर लोगों का आक्रोश सामने आया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रात में केवल काशीराम कॉलोनी की बिजली काटी जाती है जबकि अन्य फीडर चालू रहते हैं। लोगों ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चे भीषण गर्मी में परेशान हैं। नाराज लोगों ने पावर हाउस का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एक कर्मचारी ने कथित तौर पर कहा कि उसे उच्च अधिकारियों की ओर से रात में काशीराम कॉलोनी की बिजली काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद लाइनमैन पीछे के रास्ते से निकल गया और पावर हाउस खाली हो गया। मौके पर स्थानीय चौकी पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और स्थिति को संभाला।

 

राजाजीपुरम के सारीपुर इलाके में भी लोग बिजली संकट से परेशान होकर सड़कों पर उतर आए। स्थानीय निवासियों का कहना था कि शिकायत लेकर उपकेंद्र पहुंचने पर कर्मचारियों ने लाइनमैन की कमी का हवाला देते हुए फॉल्ट ठीक करने में असमर्थता जताई। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती हैं और लंबे समय से बिजली न आने के कारण परिवार को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

 

केसरी खेड़ा के स्थानीय पार्षद देवेंद्र सिंह यादव जीतू ने बताया कि सूर्य नगर क्षेत्र का ट्रांसफार्मर आए दिन खराब हो जाता है। शिकायत के बाद विभाग सुबह उसे ठीक करता है, लेकिन रात में फिर बिजली चली जाती है। उन्होंने कहा कि करीब 25 हजार की आबादी इससे प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार मंगलवार को लगभग एक हजार लोगों ने पावर हाउस का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।

 

काकोरी थाना क्षेत्र की जनता विहार कॉलोनी में पिछले चार दिनों से गंभीर बिजली संकट बना हुआ है। लोगों के अनुसार पूरे दिन में केवल दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। लो वोल्टेज और हाई वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या भी बढ़ गई है। मंगलवार रात करीब आठ बजे नाराज उपभोक्ताओं ने एफसीआई पावर हाउस पहुंचकर घेराव किया। पावर हाउस का गेट बंद रहा और कोई कर्मचारी लोगों की शिकायत सुनने नहीं पहुंचा।

 

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन में कॉलोनी के अमित कुमार, रमेश राजपूत, शिवम गौतम, आदित्य कश्यप और रोहित गुप्ता समेत कई लोगों ने बताया कि क्षेत्र में केवल एक ट्रांसफार्मर है और बिजली तारों की स्थिति भी खराब है। द्वारिकापुरी और आदर्श विहार क्षेत्रों में आधी कॉलोनी में बिजली रही जबकि आधे इलाके में अंधेरा बना रहा। काकोरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिजली अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया और देर रात तक आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया।

 

त्रिवेणी नगर-3 स्थित त्रिकोणेश्वर मंदिर बांधा के पास बिजली के खंभे में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से फोन तक नहीं उठाया गया। लोगों ने कहा कि विभाग की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आग लगने के दौरान आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

 

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के राजाजीपुरम सी ब्लॉक कार्यालय में भी लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। उपभोक्ताओं का कहना था कि सेक्टर-12 और सेक्टर-ए समेत कई इलाकों में कई दिनों से बिजली बार-बार आ-जा रही है। शिकायत करने पर विभाग की ओर से लाइनमैन न होने की बात कही जाती है। लोगों के अनुसार शाम सात बजे गई बिजली देर रात तक बहाल नहीं हो सकी।

 

फैजुल्लागंज में देर रात ट्रांसफार्मर में आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लेसा अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन न तो जेई ने फोन उठाया और न ही समय पर समाधान हुआ। इस दौरान स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई।

 

पार्क रोड स्थित कसमंडा हाउस के सामने ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना पर हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल विभाग और बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

 

तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपट्रान उपकेंद्र पर भी देर रात बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाना पड़ा। वहीं जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-6 पावर हाउस पर नाराज उपभोक्ता उपकेंद्र परिसर में धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

अलीगंज अग्निकांड के बाद केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
15 मौतों के बाद खुलीं पुरानी फाइलें, रिपोर्ट में सामने आए 1043 भवनों से जुड़े तथ्य
मोमबत्तियों की रोशनी में नम हुई आंखें, छात्रों की याद में निकला कैंडल मार्च
रात 3:30 बजे चीखों से टूटी लोगों की नींद, छत पर पहुंचते ही सामने था खून से लथपथ मां का चेहरा
'दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'... बलिदान दिवस पर CM योगी ने याद किया डॉ. मुखर्जी का संदेश
अब बीएसबी स्कूलों के छात्रों के रिकॉर्ड भी राष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़ेंगे, यूपी सरकार ने तेज की बड़ी प्रक्रिया
जिस इमारत में गईं 15 जानें, अब उसी पर बुलडोजर की तैयारी? 2016 का आदेश फिर चर्चा में
लखनऊ अग्निकांड के बाद सवालों की बौछार, संसद से बुलडोजर कार्रवाई तक तेज हुई सियासत
2016 में गिराने का आदेश हुआ था, फिर 15 लोगों की जान लेने वाली इमारत कैसे बची रही?