Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अमवा जंगल में बोरे में बंद एक युवक का शव बरामद किया गया। शव पूरी तरह से सड़ा हुआ था। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका जतायी जा रही है युवक की हत्या किसी दूसरी जगह की गयी है और फिर बोरे में भरकर शव को यहां पर फेंका गया है। शुरुआती जांच में शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर-फतेहगंज मार्ग से लगभग 150 मीटर अंदर कच्चे रास्ते पर स्थित पुलिया के नीचे तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने एक बोरा पड़ा हुआ था। संदिग्ध परिस्थिति में बोरा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो सभी सकते में आ गए। बोरे में एक युवक का सड़ा-गला शव था। शव से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी।
इस संबंध में थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने कहा कि युवक के चेहरे को काले कपड़े से बांधा गया था। वहीं युवक के शरीर पर नीले रंग का लोअर और लाल रंग की शर्ट पहनी हुई मिली थी। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। आसपास के गांवों के लोगों को बुला पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डीसीपी मोहम्मद मुस्ताक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें