>विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का जायज़ा लेने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया।
>जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र 172 लखनऊ उत्तर और 175 लखनऊ कैंटोनमेंट के कई बूथों का निरीक्षण करते हुए गणना प्रपत्रों के कलेक्शन व फीडिंग कार्य को परखा। उन्होंने आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर के बूथ संख्या 310 से 318 तथा फैजुल्लागंज गौरभीठ स्थित एमडी कॉन्वेंट कॉलेज के बूथ 306 से 309 तक निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
>इसके बाद उन्होंने मड़ियांव क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी मड़ियांव व प्राथमिक विद्यालय छावनी मड़ियांव के बूथ 244 से 250 तक जाकर प्रपत्र संग्रहण व फीडिंग की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान बीएलओ ने बताया कि मतदाताओं से भरे हुए गणना प्रपत्रों की वापसी प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने कैंटोनमेंट क्षेत्र के सदर बाजार स्थित हरीश चंद्र इंटर कॉलेज तथा उदयगंज स्थित चुटकी भंडार गर्ल्स इंटर कॉलेज के बूथों का भी निरीक्षण किया और कार्य प्रगति का आकलन किया।
>उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र शीघ्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। साथ ही बताया कि 7 दिसंबर को सभी बूथों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे ताकि प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित हो सके।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें