>लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बिजली विभाग का संविदा कर्मी राजेश (28 वर्ष) हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर मौके पर ही मौत का शिकार हो गया। राजेश अमानीगंज पावर हाउस में कार्यरत था और हादसे के वक्त सदरपुर गांव के पास बिजली की लाइन जोड़ रहा था।
शटडाउन के बाद भी चालू कर दी गई सप्लाई
>प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश ने पावर हाउस से विधिवत शटडाउन लेने के बाद ही पोल पर चढ़कर लाइन जोड़ने का कार्य शुरू किया था। लेकिन इसी दौरान किसी ने लापरवाही से सप्लाई चालू कर दी, जिससे राजेश हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया और पोल से नीचे गिरकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
गांव में पसरा मातम, पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल
>मलौली हार गांव निवासी राजेश की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरा गांव शोक में डूब गया। मृतक की पत्नी ऋतु और मां चंद्रकली का रो-रोकर बुरा हाल है। राजेश की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बेटे हैं। दुखद यह भी है कि उसके पिता नन्हके की मौत सिर्फ 20 दिन पहले हुई थी। अब पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में डूब गया है।
विभागीय लापरवाही सवालों के घेरे में
>हादसे के बाद अधिशासी अभियंता राम भजन ने बयान जारी कर कहा कि, “मामले की जांच की जा रही है। दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।” हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद SDO और JE मौके पर नहीं पहुंचे। SDO का फोन स्विच ऑफ है और JE का फोन नहीं उठाया जा रहा।
प्रशासन से उठ रही है मुआवजे और कार्रवाई की मांग
>गांव वालों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस लापरवाही ने एक घर के चिराग को बुझा दिया है
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें