>ऑनलाइन गेम्स की लत ने एक बार फिर मासूम की जान ले ली। राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 13 वर्षीय विवेक कश्यप की मोबाइल गेम खेलने के दौरान मौत हो गई। परिवार का कहना है कि विवेक “फ्री फायर (Free Fire)” गेम खेलने का आदी था और घटना के समय भी वही गेम खेल रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
>मूल रूप से सीतापुर जिले के नैमिष ठाकुर नगर निवासी विवेक कश्यप अपने परिवार के साथ शिवाजीपुरम स्थित परमेश्वर एन्क्लेव कॉलोनी, लखनऊ में रह रहा था। बुधवार को वह अपने कमरे में मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेल रहा था। उसकी बहन अंजू ने बताया कि वह कुछ देर के लिए घर के अन्य काम करने चली गई थी। वापस लौटी तो विवेक अचेत अवस्था में पड़ा था। पहले तो उसे लगा कि वह हमेशा की तरह गेम खेलते-खेलते सो गया होगा, लेकिन जब लंबे समय तक कोई हरकत नहीं हुई तो परिवार ने उसे तुरंत लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया।
>विवेक की दूसरी बहन चांदनी के मुताबिक, वह स्कूल से लौटने के बाद सीधे मोबाइल गेम खेलने में लग जाता था। रात में 10 से 11 बजे तक गेम खेलना उसकी दिनचर्या बन चुकी थी। इस दौरान वह किसी से बात नहीं करता था। अगर कोई रोकता या कुछ कहता तो गुस्से में सामान फेंकने लगता था। परिजनों का कहना है कि विवेक की मानसिक स्थिति धीरे-धीरे बदलती जा रही थी, लेकिन उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि यह लत उसकी जान ले लेगी।
>इंदिरा नगर पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल परिवार के बयान दर्ज किए गए हैं और विवेक के मोबाइल की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय क्या हुआ था।
>हाल के वर्षों में फ्री फायर, PUBG और BGMI जैसे मोबाइल गेम्स के चलते बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर देखा गया है। मनोचिकित्सकों का कहना है कि लंबे समय तक हिंसक गेम खेलने से बच्चों में चिड़चिड़ापन, आक्रोश और अवसाद बढ़ता है, जो कई बार गंभीर परिणामों में बदल जाता है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें