राजधानी लखनऊ के व्यस्त इलाके हजरतगंज स्थित अटल चौक के पास शुक्रवार शाम रोवर्स रेस्टोरेंट में आग लगने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन हजरतगंज की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की जद्दोजहद में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार शाम 6 बजकर 58 मिनट पर अटल चौक के पास बने रोवर्स रेस्टोरेंट के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित किचन की भट्टी और स्मोक चिमनी में लगी। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए फायर कर्मियों ने तत्काल हौज पाइप की दो लाइनें बिछाईं और मोटर फायर इंजन से पानी लेकर पंपिंग के जरिए आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
फायर कर्मियों के प्रयास के बाद आग को पूर्ण रूप से नियंत्रित कर लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी कर्मचारी, ग्राहक या अन्य व्यक्ति के घायल होने अथवा जनहानि की कोई सूचना सामने नहीं आई। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में लोगों की भीड़ जमा रही, हालांकि फायर विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति जल्द सामान्य हो गई।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें