साइबर क्राइम सेल और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह देशभर में नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों को निशाना बनाकर उनसे ठगी करता था। पुलिस के अनुसार, विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित जेम्स टावर के चौथे तल पर संचालित एक कॉल सेंटर पर साइबर क्राइम टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दो पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 कीपैड मोबाइल फोन, दो एंड्रॉयड फोन, एक लैपटॉप, 102 वर्क डेटा शीट, 26 फर्जी जॉइनिंग लेटर और कई अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच एजेंसियां इन दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा देकर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद कथित तौर पर उनसे विभिन्न माध्यमों से धनराशि हासिल की जाती थी।
साइबर क्राइम टीम ने जीशान खान, सतीश पाल, सोनाली चौरसिया, शिवानी वर्मा और नीलू वर्मा को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एडीसीपी साइबर क्राइम किरण यादव ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि साइबर क्राइम सेल और साइबर थाना की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई है तथा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें