Ambedkar Nagar News: जिले की टाण्डा कोतवाली पुलिस ने ₹50 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अरविन्द वर्मा को लखनऊ के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त वर्ष 2015 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए उच्चाधिकारियों की ओर से ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी टाण्डा प्रदीप सिंह चन्देल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक 26 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार पाल अपनी टीम के साथ पहले अभियुक्त के मूल निवास ग्राम जमालापुर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट में दबिश दी। यहां अभियुक्त अरविन्द वर्मा पुत्र रमापति वर्मा को उसके आवास से रात करीब 11:40 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली टाण्डा में दर्ज मुकदमा संख्या 29/2015 में धोखाधड़ी, विश्वासघात, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इस मामले से संबंधित न्यायालयीय कार्यवाही के दौरान अभियुक्त के खिलाफ वारंट जारी हुआ था। इसके अतिरिक्त उसके विरुद्ध वर्ष 2016 में टाण्डा कोतवाली तथा वर्ष 2017 में आजमगढ़ कोतवाली में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को टाण्डा कोतवाली लाया गया।
पुलिस के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार पाल, आरक्षी उमाकान्त यादव और आरक्षी पिन्टू कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें