>राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाला मामला सामने आया है। एक चौदह वर्षीय किशोरी को इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर बहला-फुसलाकर मिलने बुलाया गया, जहां उसका शारीरिक शोषण किया गया। आरोप है कि आरोपी ने शोषण का वीडियो भी बना लिया और अब उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार पीड़िता का यौन उत्पीड़न कर रहा था और उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव भी बना रहा था। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोपी अरमान
>पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी 14 वर्षीय बेटी की इंस्टाग्राम पर अरमान नामक एक युवक से दोस्ती हुई। इसके बाद अरमान ने उसे मदेयगंज में मिलने के लिए बुलाया, जहां उसने किशोरी का शारीरिक शोषण किया। आरोप यह भी है कि इस दौरान आरोपी ने घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे बार-बार अपने पास बुलाकर उसका यौन शोषण करता रहा। पीड़िता की मां ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि आरोपी उनकी बेटी पर धर्म परिवर्तन कर उससे शादी करने का भी दबाव डाल रहा था।
>पीड़िता की मां ने बताया कि यह सिलसिला 15 मई 2025 से शुरू हुआ, जब उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसे 15 दिनों तक अलग-अलग होटलों में रखा गया। इस दौरान लड़के के पिता, बहन नाज़िया और बड़े भाई सहित सभी लोग उनकी बेटी को डराते-धमकाते रहे। जब पीड़िता ने किसी तरह अपनी मां को फोन कर आपबीती सुनाई, तो वह तुरंत हरकत में आईं और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से पीड़िता को बचाया जा सका, जिसके बाद चिनहट थाने में आरोपी अरमान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
>चिनहट थाने एसएचओ दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक़, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें