>राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के पजावा इलाके में 72 वर्षीय विमला सिंह अपने ही इकलौते बेटे के हाथों मौत का शिकार हो गईं। पड़ोसियों ने जब घर के भीतर से कोई हरकत न होते देखी तो सूचना पर पहुंचे, लेकिन अंदर का नज़ारा देखकर सन्न रह गए बुजुर्ग मां मृत अवस्था में पड़ी थीं और बेटा ईंट लेकर सब पर हमला कर रहा था।
>पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने बड़ी मुश्किल से बेटे को काबू किया और हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि बेटा मानसिक रूप से अस्थिर और नशे का आदी था, जो अक्सर पैसों को लेकर मां से झगड़ा करता था।
मां की हत्या के बाद बेटा हुआ हिंसक, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा
>घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पड़ोसी रितेश कनौजिया ने बताया कि कुछ लड़कों ने उन्हें सूचना दी कि “घर के अंदर महिला बेहोश पड़ी हैं।” जब लोग पहुंचे तो सामने का गेट बंद था। पुलिस को बुलाकर पीछे के दरवाजे से प्रवेश किया गया। जैसे ही दरवाजा तोड़ा गया, अंदर मौजूद अंतेंद्र सिंह उर्फ ठाकुर ने ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। पुलिस ने उसे किसी तरह पकड़ा और ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने विमला सिंह को मृत घोषित कर दिया।
परिवार वालों का आरोप – “नशे में ही मां को मार डाला”
>मृतका की बेटी शिबू सिंह ने बताया कि उनका भाई नशे का आदी था और कोई काम नहीं करता था। “वह हमेशा मां से पैसों के लिए झगड़ता था। जब मां पैसे नहीं देती थीं, तो हिंसक हो जाता था। हमें बस फोन आया कि ‘मां मर गई है’, पर कैसे, ये नहीं बताया। हमें पूरा यकीन है कि उसने ही हमारी मां की हत्या की है।”
>चारों बहनें शादीशुदा हैं और हरदोई में रहती हैं। पड़ोसियों ने भी पुष्टि की कि बेटा अक्सर मां से गाली-गलौज और झगड़ा करता था।
>पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ठाकुरगंज पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला हत्या का है, और आरोपी बेटे से पूछताछ जारी है। आसपास के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें