Lucknow Triple Murder Case: राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला में बीते दिनों हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ऊषा तिवारी को न्याय दिलाने और परिवार की सुरक्षा का आश्वासन दिया।
पुलिस महानिदेशक ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई होगी। उन्होंने परिवार को सुरक्षा देने का भी भरोसा जताया। मुलाकात के दौरान मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ने आरोपी राजेश शुक्ला और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला के एनकाउंटर और मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को फांसी देने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि बीते 26 अक्टूबर को कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद में शिवाजी तिवारी (62), उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि पांच दिसंबर को सुयश की शादी होनी थी। हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं राजेश शुक्ला और दिव्या शुक्ला फरार हैं। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गयी है। तिहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस की लापरवाही को लेकर अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की गई है। इससे पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, परिवार को आजीवन सुरक्षा और बेटी की शिक्षा का खर्च सरकार द्वारा उठाने का आश्वासन दिया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें