>पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी टकराव तेज़ हो गया है। ममता बनर्जी द्वारा दिए गए बयान जिसमें उन्होंने कहा कि उन पर हमला हुआ तो वे बीजेपी की नींव हिला देंगी पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
>मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में एसआईआर को लेकर बनगांव में रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया के बहाने मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है और लोगों को डराने की कोशिश हो रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
>ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी उन्हें उनके खेल में हरा नहीं सकती और यदि उनके खिलाफ हमला हुआ, तो वे पूरे देश में बीजेपी की नींव हिला देंगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बहस और अधिक तेज़ हो गई है।
>इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ममता बनर्जी घबराई हुई हैं और अब पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी सरकार बनेगी। मौर्य ने दावा किया कि राज्य में “कमल खिलने” वाला है और तृणमूल सरकार के दिन गिने-चुने बचे हैं।
>पार्टी नेताओं का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव में हालिया जीत के बाद बीजेपी अब पश्चिम बंगाल पर फोकस कर रही है और राज्य में संगठनात्मक तैयारियाँ तेज़ कर दी गई हैं।
>
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें