>महिला एवं बाल सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाला मिशन शक्ति अभियान अब अपने पांचवें चरण में प्रवेश कर चुका है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ ने रविवार को एक अद्भुत दृश्य देखा, जब हजारों प्रतिभागियों ने साइक्लोथॉन में भाग लेकर समाज को यह संदेश दिया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है।
>साइकिलों के पहियों की रफ्तार के साथ लहराते नारों और पोस्टरों ने यह साफ कर दिया कि यह आयोजन सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता का आंदोलन है। प्रतिभागियों ने लोगों को महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व से अवगत कराया और समाज की संवेदनशीलता तथा सतर्कता को अपराध रोकने का सबसे बड़ा हथियार बताया।
>इस आयोजन की सफलता में कई संस्थाओं की सक्रिय भूमिका रही। वन स्टॉप टीम (181) लखनऊ ने महिलाओं के लिए उपलब्ध काउंसलिंग, कानूनी सहायता और अन्य सेवाओं की जानकारी साझा की। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम (1098) ने बच्चों के अधिकारों और सहायता सेवाओं को समझाने में अहम योगदान दिया। वहीं जिला प्रोबेशन कार्यालय की टीम ने पीड़ितों को न्याय दिलाने और समाज में संवेदनशील वातावरण बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
>कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई जब मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रियंका मौर्य ने शिरकत की और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, महिला समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें