पुलिस स्टेशन की रेकी, हथियारों की मांग और पाकिस्तान कनेक्शन - यूपी ATS की कार्रवाई से बड़ा आतंकी नेटवर्क हुआ बेनकाब

इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक, संवेदनशील संस्थानों और पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की थी तैयारी।
Bureau 06 May 2026, 10:46 PM 1 min read
पुलिस स्टेशन की रेकी, हथियारों की मांग और पाकिस्तान कनेक्शन - यूपी ATS की कार्रवाई से बड़ा आतंकी नेटवर्क हुआ बेनकाब

 

उत्तर प्रदेश एंटी टेरर स्क्वॉड ने पाकिस्तान समर्थित संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाराबंकी और कुशीनगर से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के मुताबिक दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर और खुफिया नेटवर्क के संपर्क में आए थे और संवेदनशील संस्थानों, पुलिस स्टेशनों तथा वर्दीधारी कर्मियों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार एजेंसी को सूचना मिल रही थी कि पाकिस्तान के आतंकी संगठन भारतीय युवाओं को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नेटवर्क में शामिल कर रहे हैं। इन युवाओं को आर्थिक लाभ और पहचान का लालच देकर “फुट सोल्जर” और “स्लीपर सेल” की तरह इस्तेमाल करने की योजना बनाई जा रही थी।

 

यूपी एटीएस के अनुसार जांच में सामने आया कि बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ और कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट और हम्माद के संपर्क में थे। एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक और फिजिकल सर्विलांस के जरिए दोनों की गतिविधियों की पुष्टि करने के बाद कृष्णा मिश्रा को 5 मई को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को 6 मई को बाराबंकी से गिरफ्तार किया।

 

एजेंसी के मुताबिक आरोपियों के मोबाइल फोन से वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग, वॉइस नोट, सोशल मीडिया चैट और कई संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दानियाल अशरफ ने एक अन्य राज्य के पुलिस स्टेशन का वीडियो बनाकर उसकी लोकेशन पाकिस्तान स्थित नेटवर्क को भेजी थी। कुछ अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की लोकेशन भी साझा किए जाने की बात सामने आई है।

 

एटीएस का दावा है कि दानियाल अशरफ ने आतंकी घटना को अंजाम देने के लिए पाकिस्तान स्थित गैंगस्टरों से पैसे और हथियारों की मांग भी की थी। जांच एजेंसी को आरोपियों के फोन से एक पीडीएफ फोटो भी मिली है, जिसमें पाकिस्तानी डॉन आबिद जट का नाम दर्ज था। इसे कई प्रतियों में छपवाकर महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाने की योजना की बात भी सामने आई है।

 

कृष्णा मिश्रा के मोबाइल फोन से कुछ वीडियो और ऑडियो फाइलें भी बरामद हुई हैं। एटीएस के अनुसार इनमें पाकिस्तान स्थित एजेंट कथित तौर पर किसी वर्दीधारी व्यक्ति को गोली मारने और उसका वीडियो भेजने की बात कर रहे थे। एक वीडियो में रेकी से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आई हैं।

 

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनकी बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी। एटीएस के मुताबिक पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने उन्हें कथित तौर पर यह कहकर प्रभावित किया कि उसके बताए अनुसार काम करने पर उन्हें “भारत में हीरो” बना दिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा मिश्रा पुत्र छोटेलाल मिश्रा निवासी कुशीनगर और दानियाल अशरफ पुत्र महमूद अंसारी निवासी बाराबंकी के रूप में हुई है। एटीएस ने इनके कब्जे से एक 9 एमएम देशी पिस्टल, कारतूस, एक तमंचा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

3 दशक पत्रकारिता के बाद नई पारी, रामनगर के योग दिवस आयोजन से क्यों बढ़ी केपी तिवारी की चर्चा?
अतीक अहमद का जिक्र करते हुए मंत्री सतीश शर्मा की टिप्पणी से बढ़ी सियासी हलचल
सुबह के सात बजते ही महादेवा ऑडिटोरियम में बदला माहौल, योग दिवस पर एक मंच पर दिखे मंत्री, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों लोग
योग दिवस पर बाराबंकी में बनेगा नया रिकॉर्ड, रामनगर में हजारों लोग एक साथ करेंगे योग
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर गांव-गांव पहुंचा जनसंपर्क अभियान, योग दिवस कार्यक्रम के लिए किया आमंत्रित
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बाराबंकी पहुंचे एडीजी, केंद्रों की व्यवस्थाएं परखी
मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर पौधरोपण, स्वतंत्र देव सिंह ने गिनाईं केंद्र सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियां
'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान में रामनगर की भागीदारी, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
बड़ा मंगल पर बाराबंकी में श्रद्धा का उत्साह, भंडारों में दिनभर लगी श्रद्धालुओं की कतारें