Sardar Vallabhbhai Patel Jayanti: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया और हर जिले में रोजगार और औद्योगिक जोन बनाने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद समाज को कमजोर करते हैं। जब लोग जाति और क्षेत्र के नाम पर बंट जाते हैं तो देश की एकजुटता पर असर पड़ता है। ऐसे में देश की एकता और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर लखनऊ के जीपीओ स्थित उनकी प्रतिमा पर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता के बड़े प्रतीक थे। उन्होंने 563 से अधिक रियासतों को भारत में मिलाने का काम किया था। जूनागढ़ और हैदराबाद के शासकों के विरोध के बावजूद सरदार पटेल ने इन दोनों रियासतों को भारत में शामिल कराया। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहल पर वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर देशभर में एकता की शपथ, दौड़ और कई कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में रोजगार और औद्योगिक जोन बनाने की तैयारी शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर देना और उन्हें योग्य बनाना है। सरकार युवाओं की ट्रेनिंग और रोजगार के लिए सही तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की यादों को जीवित रखने के साथ युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी जरूरी है। सीएम योगी ने कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेहरू ने कश्मीर का मामला अपने पास रखा और अनुच्छेद-370 लागू करना बड़ी गलती थी। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 हटाकर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को पूरा किया है। अब देश में एक प्रधान, एक विधान और एक निशान की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कोशिशों का सभी को मिलकर मुकाबला करना चाहिए। कार्यक्रम में डीप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें