Friday, 06 November 2026 | Lucknow | 29°C

Ambedkar Nagar News: सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

Ambedkar Nagar News: सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज, अकबरपुर का वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
Bureau
Bureau News Desk
06 Nov 2026
12:51 PM
1 min read
Ambedkar Nagar News: सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
सोर्स - संवाददाता रवि दुबे
हाइलाइट्स
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा सेंट पीटर्स का वार्षिकोत्सव
रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा अतिथियों का मन
जिला जज चंद्रोदय कुमार रहे मुख्य अतिथि
बिशप लुईस मस्करेनस ने किया समारोह का शुभारंभ

Ambedkar Nagar News: सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज,अकबरपुर का वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के नृत्य,नाटक और संगीत ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के जरिये से बच्चों ने भारतीय संस्कृति,राष्ट्रीय एकता,सामाजिक जागरूकता और अच्छे भविष्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज चंद्रोदय कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम सदर प्रतीक्षा सिंह और इलाहाबाद डायोसिस के डायोसिसन एजुकेशन डायरेक्टर फादर मेल्विन विल्सन डिसूजा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता इलाहाबाद डायोसिस के बिशप लुईस मस्करेनस ने की।

मुख्य अतिथि के विद्यालय पहुंचने पर बैंड ग्रुप ने संगीत के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद जिला जज चंद्रोदय कुमार, बिशप लुईस मस्करेनस, फादर मेल्विन विल्सन डिसूजा, फादर फैडरिक, सिस्टर रोसलिन, हेड बॉय आरव सिंघल और छात्रा मनस्वनी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान बिशप लुईस मस्करेनस ने 'सिनर्जी' का अनावरण किया। इसके बाद बच्चों ने प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर बैप्टिस्ट ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किए। इस मौके पर विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य गणमान्य लोगों का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शुरुआत में प्रस्तुत झांकी के जरिए बच्चों ने देश की प्रमुख समस्याओं को दिखाया और उनके समाधान का संदेश दिया। इसके बाद 'द कल्चरल एक्स्ट्रावैगेंजा' कार्यक्रम के तहत नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।

छोटे बच्चों ने 'वेक अप, लिटिल सनशाइन' और 'द हैप्पी लिटिल वर्ल्ड' जैसे कार्यक्रमों से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं 'नया भारत-द राइजिंग होराइजन', 'लेट होप राइज', 'टाइनी स्टेप्स, बिग टुमारो', 'द फ्यूचर बिगिन्स विद अस', 'विंग्स ऑफ टुमारो', 'ब्रेकिंग थ्रू द स्टॉर्म', 'रिदम्स ऑफ होप' और 'स्पिरिट ऑफ भारत' जैसी प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों ने उम्मीद, आत्मविश्वास, देशप्रेम और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया।'बियॉन्ड द स्क्रीन्स' विषय पर बच्चों ने एक नाटक प्रस्तुत किया। इसमें मोबाइल और स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच परिवार, समाज और वास्तविक जीवन के महत्व को दिखाया गया। बच्चों की वेशभूषा, अभिनय और नृत्य को दर्शकों ने खूब सराहा।

मुख्य अतिथि जिला जज चंद्रोदय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। इससे उनका सर्वांगीण विकास होता है। इसके बाद आईसीएसई और आईएससी बोर्ड परीक्षा 2025-26 में अच्छे अंक पाने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। 

विद्यालय के विभिन्न सदनों के बीच हुई प्रतियोगिता में मदर टेरेसा हाउस ने 1800 अंक प्राप्त कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। 1725 अंक के साथ सेंट पीटर्स हाउस दूसरे स्थान पर रहा। सेंट थॉमस हाउस 1590 अंक पाकर तीसरे और सेंट फ्रांसिस हाउस 1310 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा। बिशप लुईस मस्करेनस ने विजेता और उपविजेता सदनों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष बिशप लुईस मस्करेनस और विशिष्ट अतिथि फादर मेल्विन विल्सन डिसूजा को भी शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बिशप लुईस मस्करेनस ने सभी अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज कई वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहा है। यहां से पढ़कर निकले विद्यार्थी देश के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं और समाज में योगदान दे रहे हैं।

विद्यार्थियों की सामूहिक प्रस्तुति 'वन नेशन, वन ड्रीम' के साथ समारोह का समापन हुआ। अंत में राष्ट्रगान गाया गया। इस वार्षिकोत्सव के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का मतलब केवल अच्छे अंक लाना नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और देशप्रेम की भावना विकसित करना भी है।

Explore Related Topics

Meritorious Students Award Mother Teresa House School Champions Trophy

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News