UP News: दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो। इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए छह से 17 नवंबर तक राज्य में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस अवधि में सड़कों पर अधिक बसें चलाने के निर्देश दिए हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रूप से उनके गंतव्य तक ही निगम की प्राथमिकता है। दिल्ली से पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के साथ ही राजधानी लखनऊ और कानपुर के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चालकों और परिचालकों के ब्रेथ एनालाइजर के जरिए जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई चालक नशे में तो नहीं है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने स्पष्ट किया कि निगम की बसों को फिट कर संचालन किया जाए, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो सके। इसके लिए पहले से बसों की मरम्मत और जरूरी कलपुर्जों की उपलब्धता करने को कहा गया है। त्योहार के दौरान विशेष स्थितियों को छोड़कर अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी सीमित रहेंगी। बस अड्डों पर साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक 11 दिन ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को 4400 रुपये और 12 दिन काम करने पर 4800 रुपये प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसके लिए चालक-परिचालकों को प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना अनिवार्य होगा। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को निर्धारित दूरी से अधिक के बस संचालन पर 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर दिये जाएंगे। साथ ही इलेक्ट्रिक बस चालकों और कार्यशाला कर्मियों के लिए भी अलग प्रोत्साहन राशि का निर्धारण किया गया है।
इन शहरों के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें
दिल्ली से लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर के अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, बरेली, सहारनपुर और इटावा के लिए अतिरिक्त बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें