>आगामी चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत पार्टी ने बूथ प्रबंधन को धार देने और मतदाता सूची की निगरानी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। पार्टी का मानना है कि एक मज़बूत संगठन ही बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा सकता है।
>15 जून से शुरू हुए ज़ोनल रिव्यू की शुरुआत पश्चिम और ब्रज ज़ोन से हुई, उसके बाद बुंदेलखंड (16 जून), पूर्वांचल (17 जून) और गुरुवार को प्रयाग ज़ोन की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। प्रयाग ज़ोन में वाराणसी, गाज़ीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, अमेठी, सुल्तानपुर सहित 13 जिलों की समितियों की समीक्षा की गई।
>कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “पार्टी अब जनता से सीधे जुड़ने का अभियान शुरू करेगी और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर किया जाएगा।”
>यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा, “संगठन ही हमारी ताकत बनेगा जो भाजपा को चुनावों में शिकस्त देगा। राहुल गांधी के सामाजिक न्याय के विचारों को सामने रखकर हर वर्ग, जाति और लिंग को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जा रही है।”
>संगठन सृजन अभियान 15 अगस्त तक चलेगा, जिसके बाद चयनित पदाधिकारियों को उनके ज़ोन और ज़िलों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने दें।
>बैठक में कांग्रेस विधायक दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व महासचिव अनिल यादव, पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
>बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जन्मदिन मनाते हुए आदर्श कुष्ठ आश्रम, आशियाना में फल और भोजन वितरण किया तथा पार्टी कार्यालय में केक काटा गया।
>अजय राय ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आवाज़ उठाई। यही कारण है कि जनता का भरोसा आज फिर कांग्रेस की ओर लौट रहा है।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें