UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश तेजी से निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए प्रदेशवासियों को साल 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी दी। साथ ही सरकार की निवेश नीतियों और विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए न तो स्पष्ट नीति थी और न ही कोई ठोस कार्ययोजना। उन्होंने कहा कि यूपी की डबल इंजन सरकार ने स्थिति को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र को अपना राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास की नई कार्यसंस्कृति विकसित की गई है।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट के जरिए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल वातावरण ने प्रदेश को उद्योगों और निवेशकों के लिए आकर्षक बनाया है। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा निवेश आए, नए उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकार का संकल्प है कि हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से रोजगार और हर रोजगार से हर परिवार तक खुशहाली पहुंचायी जा सके। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ होने वाली बैठक में यूपी में निवेश की नई संभावनाओं पर चर्चा होगी। साथ ही मौजूदा परियोजनाओं को गति देने और निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने पर भी जोर रहेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें