वैष्णो देवी भूस्खलन घटना में यूपी के 11 लोगों की मौत

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में उत्तर प्रदेश के 11 लोग शामिल हैं, जबकि 20 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं।
News Desk 28 Aug 2025, 01:13 AM 1 min read
वैष्णो देवी भूस्खलन घटना में यूपी के  11 लोगों की मौत


>जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित पवित्र वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण भूस्खलन हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है, जिनमें उत्तर प्रदेश के 11 तीर्थयात्री शामिल हैं। इसके अलावा करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं।


>प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार आगरा और मुजफ्फरनगर से तीन-तीन, बरेली से एक और अन्य जिलों से चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों में आगरा की भावना, सुनीता और सेजल; मुजफ्फरनगर के कार्तिक, अनंत और दीपेश; बरेली की नीरा के नाम शामिल हैं। वहीं ममता, रामविरी, चांदनी और अंजली की भी मौत हुई है, हालांकि इनके जिले की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।


>कैसे हुआ हादसा


>मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कटरा से मंदिर तक की 12 किलोमीटर की चढ़ाई के लगभग आधे रास्ते में अचानक पहाड़ से पत्थर और चट्टानें टूटकर गिरने लगीं। इस दौरान मार्ग पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद वैष्णो देवी यात्रा को स्थगित कर दिया गया।


>अब तक की स्थिति


    >
  • मृतकों में से 24 लोगों की पहचान हो चुकी है, जिनमें 14 महिलाएं शामिल हैं।

  • मृतक तीर्थयात्री उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

  • हिमकोटि पैदल मार्ग पर सुबह से ही यात्रा रोकी गई थी, जबकि पुराने मार्ग पर दोपहर तक यात्रा जारी रही। बाद में भारी बारिश के कारण दोनों मार्ग बंद कर दिए गए।


>जम्मू-कश्मीर में लगातार मूसलाधार बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। कई स्थानों पर पुल बह गए, सड़कें और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। मोबाइल नेटवर्क और दूरसंचार सेवाएं भी 22 घंटे तक ठप रहीं, जिन्हें अब आंशिक रूप से बहाल किया गया है।


>जम्मू में नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, लेकिन अनंतनाग और श्रीनगर में झेलम नदी ने बाढ़ का खतरा पैदा कर दिया है। कई रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। अधिकारियों का कहना है कि राहत-बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। राज्य प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और घबराने की आवश्यकता नहीं है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला हालात की समीक्षा के लिए जम्मू पहुंच गए हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें