>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आम लोगों के लिए नई उम्मीद लेकर आया। मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान का निर्देश दिया।
>करीब 100 से अधिक लोग अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे, जिनमें सीवर कनेक्शन, सड़क निर्माण, राजस्व विवाद, मुआवजा न मिलने, पुलिस से जुड़ी शिकायतें और सामाजिक मुद्दे शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने हर मामले पर गंभीरता से चर्चा की और प्रार्थना पत्र सीधे अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि “नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सम्मान ही सरकार का संकल्प है।”
>सुबह से ही फरियादी सर्किट हाउस पहुंचने लगे। मुख्यमंत्री स्वयं उनके पास गए, समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि समाधान में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कमिश्नर, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों से फीडबैक लेकर ही कार्रवाई को पूर्ण मानें।
>इस दौरान दिव्यांगजन ने नेत्रहीनों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की मांग रखी तो एक कलाकार ने प्रदर्शनी के लिए उचित दर पर हॉल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। वहीं चंदौली से आए एक फरियादी ने मुआवजा न मिलने की शिकायत की। मृतक शिक्षक की पत्नी भी अपनी समस्या लेकर मुख्यमंत्री से मिलीं।
>सीएम योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों के साथ आए बच्चों से भी बात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और उन्हें मन लगाकर शिक्षा प्राप्त करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
>मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का मूल उद्देश्य है कि हर नागरिक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि “प्रदेश के हर चेहरे पर खुशहाली लाने के लिए सरकार निरंतर प्रयत्नशील है।”
>इस मौके पर मंत्रीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक-पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें