>लखनऊ - उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अब अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर पूरी तरह से नकेल कसने की तैयारी में है। पारंपरिक उपायों से आगे बढ़ते हुए, सरकार अत्याधुनिक ‘वेट इन मोशन (WIM)’ तकनीक लागू करने जा रही है, जिससे रफ्तार में दौड़ते ट्रकों का वजन बिना रोके ही मापा जा सकेगा। यह तकनीक समय की बचत के साथ-साथ 100 प्रतिशत सटीकता भी सुनिश्चित करेगी।
>इसके साथ ही सरकार ड्रोन सर्वे, RFID टैगिंग, जियो-फेंसिंग, AI आधारित चेकगेट्स और IoT सिस्टम जैसी डिजिटल निगरानी तकनीकों का पहले ही उपयोग कर रही है। अब ‘वेट इन मोशन’ की शुरुआत के बाद खनन माफिया के लिए रास्ते पूरी तरह बंद होते नज़र आ रहे हैं।
>ड्रोन से निगरानी, AI से जांच और अब WIM से रफ्तार में पकड़
>खनिज और खनिकर्म विभाग ने अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए एकीकृत खनन निगरानी तंत्र (IMSS) के तहत कई तकनीकों को एकीकृत किया है। 25 ज़िलों में 57 मानव रहित AI आधारित चेकगेट्स लगाए जा चुके हैं जिन्हें कंट्रोल सेंटर से रियल टाइम मॉनिटर किया जा रहा है।
>अब सरकार ने WIM तकनीक को भी जोड़ने का फैसला लिया है, जिससे ओवरलोडिंग की स्थिति में बिना रोके ही वाहन की पहचान हो सकेगी। इससे चालान प्रक्रिया सरल होगी और मैनुअल जांच की ज़रूरत नहीं रह जाएगी।
>‘ड्रोन सर्वे’ से अब आसमान से नजर रखेगी सरकार
>खनन क्षेत्रों में ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने UP Electronics, UPDESCO और श्रीट्रॉन इंडिया लिमिटेड जैसी एजेंसियों से तकनीकी प्रस्ताव मांगे हैं। ये ड्रोन न सिर्फ सर्वेक्षण करेंगे, बल्कि अवैध खनन को सटीक तरीके से चिह्नित भी करेंगे।
>UP Mine Mitra Portal होगा और मजबूत, जुड़ रहा ‘परिवेश पोर्टल’ से
>खनन प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए upminemitra.in पोर्टल को अब पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के 'परिवेश पोर्टल' से जोड़ा जा रहा है। इससे पर्यावरणीय मंजूरी की निगरानी, दस्तावेज़ सत्यापन और अनुपालन रिपोर्टिंग सरल हो सकेगी।
>यह डिजिटल एकीकरण न केवल प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाएगा, बल्कि अवैध खनन पर कड़ी नजर रखने में भी मददगार साबित होगा।
>बॉक्स: क्या है वेट इन मोशन (WIM) तकनीक?
>वेट इन मोशन (WIM) एक स्मार्ट ट्रैकिंग सिस्टम है जो चलते हुए ट्रकों का वजन, गति और स्थिति को सटीकता से रिकॉर्ड करता है। सड़क पर लगे सेंसर्स के ज़रिए यह डेटा तुरंत कमांड सेंटर को भेजा जाता है। इसका प्रयोग:
>ओवरलोडिंग की तुरंत पहचान में
>चालान की रियल टाइम प्रक्रिया में
>डेटा आधारित कार्यनीति बनाने में
-
>पर्यावरण और सड़क सुरक्षा सुधार में
महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें